मंत्रिमंडल सरकार बना रही है या आरएसएस? व्यवस्था बदले, सिर्फ मंत्री बदलने से नहीं चलेगा काम: सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

नीट पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, दोषियों पर कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग
लोहरदगा। लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने नीट पेपर लीक प्रकरण और केंद्र सरकार की कार्यशैली को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि केवल मंत्री बदल देने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि पूरी व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि सवाल केवल किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि व्यवस्था का है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रिमंडल के गठन और निर्णयों में सरकार की बजाय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का प्रभाव दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चल रही है या किसी अन्य संगठन के प्रभाव में।
नीट पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों को कठोर सजा मिलनी चाहिए।
सुखदेव भगत ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री देश के लाखों युवाओं से माफी मांगेंगे। उनका कहना था कि केवल मंत्रालय बदलने से स्थिति नहीं बदलेगी, बल्कि परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए व्यापक सुधार आवश्यक हैं।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर आगे भी आवाज उठाती रहेगी तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रहेगा।