लोहरदगा मंडल कारा में जेल अदालत, विधिक जागरूकता शिविर और मेडिकल कैंप आयोजित
By Team Lohardaga live

बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, स्वास्थ्य जांच और अधिकारों की दी गई जानकारी
लोहरदगा। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में मंडल कारा लोहरदगा में जेल अदालत, विधिक जागरूकता शिविर सह मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डालसा सचिव मनोरंजन कुमार, एलएडीसीएस चीफ नसीम अंसारी, डिप्टी चीफ उमेश कुमार, सहायक सुदामा साहू, जेल प्रशासन के अधिकारी एवं सदर अस्पताल की चिकित्सीय टीम उपस्थित रही।
शिविर के दौरान बंदियों को उनके अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और जेल अदालत की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही बंदियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में पहल की गई। बंदियों से उनके मामलों से संबंधित जानकारी भी ली गई।
डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने जेल परिसर में स्थापित नवनिर्मित जेल विधिक सहायता क्लिनिक की जानकारी देते हुए बताया कि यहां एलएडीसीएस के अधिवक्ता बंदियों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने मंडल कारा में बनाए गए शिशु गृह के बारे में भी जानकारी दी। यह शिशु गृह महिला बंदियों के साथ रह रहे बच्चों के लिए बनाया गया है, जहां उनके खेलने, पढ़ने और सीखने की समुचित व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों और परिचितों की सहायता के लिए मुलाकात कानूनी सहायता केंद्र का भी शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्देश्य परिजनों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया को सुगम बनाना तथा न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करना है।
डालसा सचिव ने बताया कि इस सहायता केंद्र में पीएलवी की नियुक्ति की गई है, जो मंडल कारा में आने वाले परिजनों और परिचितों को कानूनी जानकारी एवं सहायता प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सदर अस्पताल की चिकित्सीय टीम द्वारा बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया।
