मंडल कारा में लगी जेल अदालत, बंदियों की समस्याएं सुन किया गया समाधान
By Team Lohardaga live

विधिक जागरूकता शिविर और मेडिकल कैंप का भी हुआ आयोजन, बंदियों को बताए गए कानूनी अधिकार
लोहरदगा। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में शनिवार को मंडल कारा, लोहरदगा में जेल अदालत, विधिक जागरूकता शिविर एवं मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डालसा के सचिव मनोरंजन कुमार, एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ नारायण साहू, सहायक सुदामा साहू, भूपेंद्र कुमार, जेल प्रशासन के अधिकारी तथा सदर अस्पताल की चिकित्सकीय टीम उपस्थित रही। इस दौरान अधिकारियों ने बंदियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल की।
शिविर में बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार प्राप्त है और न्याय सभी के लिए समान रूप से सुलभ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जेल अदालत का उद्देश्य बंदियों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन में सहयोग करना तथा विधिक जागरूकता बढ़ाना है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने मंडल कारा परिसर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वहीं सदर अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं जागरूकता भी प्रदान की। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को कानूनी सहायता के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से भी जोड़ना रहा।
