जनसुनवाई कार्यक्रम जनता की आवाज सुनने और समाधान का सबसे सशक्त माध्यम:- विधायक
By Team Lohardaga live

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
लोहरदगा। बरवाटोली स्थित विधायक कार्यालय में बुधवार को पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक डॉक्टर रामेश्वर उरांव पहुंचे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आमजनों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, अबुवा आवास, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड समेत अन्य विषयों पर आवेदन सौंपे ।
विधायक डॉक्टर रामेश्वर उरांव ने जनसमस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात की और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम जनता की आवाज सुनने और समाधान का सबसे सशक्त माध्यम है। हमारी प्राथमिकता है कि गठबंधन सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। आम जनता को बुनियादी सुविधाएं, रोजगार, आवास और सामाजिक सुरक्षा मिले यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है।
विधायक ने आगे कहा कि मैं जनता के बीच रहकर उनकी हर समस्या को सुनूंगा और उसका समाधान कराऊंगा। हमारी सरकार वादा नहीं, काम के जरिए भरोसा जीतने में विश्वास रखती है। मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक ने सभी से संवाद कर विश्वास दिलाया कि विकास और जनकल्याण की गति किसी भी सूरत में रुकने नहीं दी जाएगी।
