Orange hindi lohardaga live

करम की अगवानी में झखरा कुम्बा में गूंजे जावा फूल के गीत

By Team orangehindi

General
करम की अगवानी में झखरा कुम्बा में गूंजे जावा फूल के गीत

भाई-बहनों की सुख-शांति और दीर्घायु की कामना के साथ मनाया गया करम पर्व की पूर्व संध्या का कार्यक्रम

लोहरदगा। करम पर्व की पूर्व संध्या पर राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा जिला समिति, लोहरदगा की ओर से झखरा कुम्ब में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक जावा फूल के गीतों से पूरा वातावरण करम पर्व के उल्लास से सराबोर रहा। पारंपरिक गीत-संगीत और सांस्कृतिक रंग में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के जिला अध्यक्ष सोमदेव उरांव ने कहा कि करम पर्व आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा, प्रकृति से जुड़ाव और पारिवारिक रिश्तों की मजबूती का प्रतीक है। पर्व के अवसर पर भाई-बहनों की लंबी उम्र, सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर उपवास किया जाता है। उन्होंने कहा कि उपवास और पर्व की पारंपरिक विधियों के माध्यम से लोगों में सकारात्मकता, आत्मिक शांति और सामाजिक एकजुटता की भावना मजबूत होती है।

उन्होंने नई पीढ़ी से करम पर्व की परंपराओं, गीतों और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समिति के विभिन्न अगुवा एवं सदस्य मौजूद रहे। इस अवसर पर राजी पड़हा सरना प्रार्थना सभा जिला समिति की ओर से झारखंड सहित समस्त राज्यवासियों को करम पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

और पढ़ें