झालसा ने पेशरार हत्याकांड पर लिया स्वतः संज्ञान, पीड़ित परिवार को मिली 20 हजार रुपये की सहायता
By Team Lohardaga live


लोहरदगा। जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत केकरांग बर टोली गांव में डायन बिसाही के आरोप में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या को लेकर झारखंड हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया। झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष सह झारखंड हाइकोर्ट के जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद ने इस मामले को लेकर पीडीजे राजकमल मिश्रा को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
तत्पश्चात घटना को लेकर पीडीजे राजकमल मिश्रा ने लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी और एसडीपीओ वेदांत शंकर के साथ बैठक की। इस बीच डालसा के द्वारा गठित टीम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और तत्काल रिपोर्ट झालसा, रांची भेजा गया।
कार्यकारी अध्यक्ष झालसा सुजीत नारायण प्रसाद ने तुरंत 20 हजार रुपये पीड़ित परिवार को देने का निर्देश जारी किया। बैठक के बाद पीड़ित परिवार को डालसा सचिव राजेश कुमार पेशरार के बर टोली पहुंचकर पीड़िता व परिवार की बहु और कांड की सूचिका सुखमनिया कुमारी को 20 हजार रुपये का चेक सौंपा।
चेक प्रदान करते समय सुखमनिया कुमारी के अलावे एक देवर और अन्य रिश्तेदार मौजूद थे। मौके पर पहुंची डालसा टीम के साथ एसडीपीओ किस्को वेदांत शंकर भी साथ थे। लोहरदगा डालसा टीम में डालसा सचिव राजेश कुमार के अलावे पैनल अधिवक्ता लाल धर्मेन्द्र देव, इंद्रानी कुजूर, पीएलवी गौतम लेनिन, संतोष भगत, सुनेश्वर उरांव, शारूक कुंवर गोप शामिल थे।
