Orange hindi lohardaga live

झारखंड ई-महोत्सव आईसीटी चैंपियनशिप: लोहरदगा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न

By Team Lohardaga live

Education
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि

कस्तूरबा सीएम एसओई बालिका विद्यालय में कक्षा 9 व 10 के छात्र-छात्राओं ने दिखाया कौशल

लोहरदगा। झारखंड सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम ई-शिक्षा के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा जिले के आईसीटी विद्यालयों में आयोजित झारखंड ई-महोत्सव आईसीटी चैंपियनशिप 2025 की जिला स्तरीय प्रतियोगिता मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजन का स्थल कस्तूरबा सीएम एसओई बालिका, लोहरदगा रहा, जहां कक्षा नौवीं और दसवीं के चयनित छात्र-छात्राओं ने हिस्सा किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड शिक्षा परियोजना, डीइएम लीड जीतेन्द्र कुमार झा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल भविष्य के लिए तैयार करती हैं। उन्होंने कहा कि ई-शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालयों में आधुनिक तकनीक का प्रसार हो रहा है और आईसीटी चैंपियनशिप बच्चों में नवाचार और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करती है। झा ने प्रतिभागी छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि जिले के छात्र लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।

इस अवसर पर सुनंदा दास चंद्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनुपमा लकड़ा, विद्यालय प्रबंधक सतीश कुमार सिंह, जिला एमआईएस प्रभारी गुलाम अशरफ अंसारी, जिला एडुकेशन फैसिलिटेटर शुभम कुमार साहू, जिला कोऑर्डिनेटर रवि कुमार, बीपीएम डिजिटल हिमांशु कुमार राहुल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि इससे पूर्व जिले के सभी आईसीटी विद्यालयों में विद्यालय और प्रखंड स्तर पर ऑनलाइन प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। उन्हीं प्रखंडवार विजेताओं के बीच आज जिला स्तरीय प्रतियोगिता कराई गई। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कंप्यूटर आधारित विभिन्न गतिविधियों में अपना कौशल प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में तकनीकी जागरूकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को मजबूत करते हैं।