Orange hindi lohardaga live

झारखंड शिक्षा परियोजना ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों का किया निरीक्षण

By Team Lohardaga live

Education
निरीक्षण के दौरान उपस्थित पदाधिकारी

सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी और प्री टेस्ट का किया मूल्यांकन

लोहरदगा। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश पर झारखंड शिक्षा सेवा के पदाधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी नवीन कुमार बाड़ा ने जिले के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की आगामी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारी की समीक्षा की तथा विद्यालयों में आयोजित प्री टेस्ट–1 परीक्षा का अवलोकन किया।

निरीक्षण के क्रम में नोडल पदाधिकारी ने एसओई विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक, स्कूल मैनेजर और सभी शिक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने सीबीएसई परीक्षा में संभावित कठिनाइयों, रिमेडियल कक्षाओं की व्यवस्था, विषयगत समस्याओं—विशेषकर गणित, विज्ञान (भौतिकी, रसायन, जीवविज्ञान), अंग्रेजी तथा अन्य विषयों में आ रही चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही एसए-1 परीक्षा में छात्रों के प्रदर्शन की विषयवार समीक्षा की गई और वोकेशनल विषयों से जुड़ी प्रगति का भी आकलन किया गया। जहाँ कमियां पाई गईं, वहां सुधार के निर्देश दिए गए और बोर्ड परीक्षा 2026 में बेहतर परिणाम के लिए रणनीति तैयार की गई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी, लोहरदगा दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर ने कहा कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें छात्रों को सीबीएसई मानकों के अनुरूप विशेष सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन विद्यालयों में जीरो टॉलरेंस के सिद्धांत पर कार्य होना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन भी किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान एडीपीओ मोनीदीपा बनर्जी, क्षेत्र प्रबंधक आकाश कुमार, सीआरपी जीतेंद्र मित्तल, प्रभारी निश्चल मिंज, अनुपमा लकड़ा आदि उपस्थित रहे।