Orange hindi lohardaga live

कैमो में धूमधाम से संपन्न हुआ जितिया जतरा

By Team orangehindi

General
कैमो में धूमधाम से संपन्न हुआ जितिया जतरा

लोहरदगा। कैमो जतरा मैदान में मंगलवार को कैमो जितिया जतरा सह सम्मेलन 2026 का आयोजन पारंपरिक उल्लास और सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न हुआ। सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक चले आयोजन में ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और विभिन्न खोड़हा दलों के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संस्कृति, भाषा, परंपरा और रीति-रिवाजों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

जतरा समिति के अनुसार कैमो जितिया जतरा पूर्वजों से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है। इसका उद्देश्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन के साथ आदिवासी भाषा-संस्कृति और पारंपरिक जीवन-पद्धति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। आयोजन में पारंपरिक नृत्य-संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद उरांव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय महासचिव जलेश्वर उरांव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोमो उरांव, जिला धर्मगुरु फूलकेश्वर उरांव, जिला अध्यक्ष सोमदेव उरांव समेत अन्य अतिथि शामिल हुए।

आयोजन समिति ने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को पारंपरिक विरासत से परिचित कराने का काम करते हैं।

जतरा के सफल आयोजन में अध्यक्ष बुधवा उरांव, सचिव भौका उरांव, कोषाध्यक्ष दिनेश उरांव सहित मुख्य संरक्षक, आयोजनकर्ता, विभिन्न खोड़हा दलों और समस्त ग्रामवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के समापन पर समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया।

और पढ़ें