झामुमो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती श्रद्धा के साथ मनाई
By Team Lohardaga live

जिला कार्यालय में कार्यक्रम के बाद सदर अस्पताल में मरीजों के बीच फल व गर्म कपड़ों का वितरण
लोहरदगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक और झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की 82वीं जयंती रविवार को लोहरदगा जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। उनके निधन के बाद यह पहली जयंती थी, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भावुकता और समर्पण देखने को मिला। कार्यक्रम जिला अध्यक्ष मोज्जमिल अहमद के निर्देश पर तथा जिला सचिव अनिल उरांव के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
जिला कार्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड आंदोलन में योगदान और सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों को याद किया। साथ ही उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
जिला अध्यक्ष मोज्जमिल अहमद ने कहा कि दिशोम गुरु का जीवन संघर्ष और सादगी का प्रतीक रहा है। भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार हर कार्यकर्ता को दिशा देते रहेंगे। जिला सचिव अनिल उरांव ने कहा कि उन्होंने झारखंडी अस्मिता और अधिकारों के लिए संघर्ष करना सिखाया, उसी रास्ते पर चलकर राज्य के विकास का संकल्प लिया गया है। महिला जिला अध्यक्ष राधा तिर्की ने कहा कि आदिवासियों और पिछड़े वर्गों के उत्थान में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
सभा के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं का दल सदर अस्पताल पहुंचा, जहां भर्ती जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों के बीच गर्म कपड़े और ताजे फल वितरित किए गए। ठंड के मौसम में इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर केंद्रीय समिति सदस्य नीरू शांति भगत, युवा जिला अध्यक्ष अजय उरांव, पूर्व बीससूत्री सेन्हा अध्यक्ष अफरोज आलम, कुड़ू प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव, भंडरा प्रखंड अध्यक्ष परवेज अंसारी, कैरो प्रखंड अध्यक्ष सजाद अंसारी, किस्को प्रखंड अध्यक्ष विनेश कुमार गुप्ता, नगर अध्यक्ष आकाश साहू, लोहरदगा प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा उरांव, समाजसेवी जय प्रकाश शर्मा, खुर्शीद अंसारी, महेश साहू, नेसार अंसारी सहित विभिन्न मंच-मोर्चा, प्रखंड और पंचायत समितियों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
