Orange hindi lohardaga live

बिहार में JMM को ठेंगा, झारखंड में महागठबंधन में घमासान! सुखदेव भगत बोले – हमारे रिश्ते मज़बूत हैं

By Teem Lohardaga live

political
सांसद सुखदेव भगत

लोहरदगा। बिहार चुनाव में महागठबंधन की थाली परोसते वक्त झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को न दाल मिली, न चावल – बस खाली हाथ लौटा दिया गया! RJD ने सीट बंटवारे में JMM को बाहर का रास्ता दिखा दिया, और अब इस तगड़े झटके का असर झारखंड की राजनीति में गर्म तवे जैसा महसूस हो रहा है।

हालात ऐसे बन गए हैं कि झारखंड में कांग्रेस और JMM के रिश्तों को लेकर भी तरह-तरह की अटकलें तैरने लगी हैं। लेकिन इस सियासी बवाल के बीच कांग्रेस के दिग्गज और लोहरदगा से सांसद सुखदेव भगत ने मोर्चा संभालते हुए तगड़ी सफाई दी है। उन्होंने RJD का नाम लिए बिना कहा कि बिहार की बात बिहार तक है, झारखंड में हमारा गठबंधन मजबूत था, है और रहेगा।

उन्होंने माना कि JMM को उम्मीदें थीं, और जब उम्मीदें टूटती हैं तो नाराज़गी स्वाभाविक होती है। लेकिन झारखंड में कांग्रेस और JMM की जोड़ी फुल टाइट है – किसी तीसरे की एंट्री से फर्क नहीं पड़ता।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि

जेएमएम को सीट नहीं मिली, ये दुर्भाग्यपूर्ण है। पर इससे झारखंड में गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हम साथ थे, साथ हैं और साथ रहेंगे।

अब असली सवाल ये है कि क्या JMM, RJD की इस 'नज़रअंदाज़ी' का बदला झारखंड में लेगी? क्या वो RJD से किनारा कर पूरी तरह कांग्रेस की गोदी में बैठेगी, या फिर यह सब सिर्फ बयानों की राजनीति है?

आने वाले दिनों में महागठबंधन की तस्वीर साफ़ होगी या और धुंधली? फिलहाल तो सियासी तवा गरम है, और घी कहां गिरता है – सबकी नजर वहीं है।