झामुमो जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने जरूरतमंदों के बीच बांटे कंबल
By Team Lohardaga live

कहा—हेमंत सोरेन सरकार राज्यवासियों के हित में कर रही है बेहतर कार्य
लोहरदगा। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड से गरीब और असहाय तबके के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच राहत पहुंचाने के उद्देश्य से झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद द्वारा जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण किया जा रहा है। कंबल पाकर गरीब, असहाय और वृद्धजनों के चेहरे पर खुशी देखी गई।
झामुमो जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कुड़ू प्रखंड अंतर्गत चेटर गांव में वृद्धजनों और असहाय परिवारों के बीच कंबल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाया जा रहा है, ताकि किसी भी गरीब, असहाय या वृद्ध व्यक्ति को ठंड के कारण परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि इन दिनों न सिर्फ लोहरदगा जिला बल्कि पूरा झारखंड कनकनी ठंड और शीतलहर की चपेट में है, जिससे ग्रामीण इलाकों के लोग खासकर वृद्ध और कमजोर वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। इसी संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए कंबलों का वितरण लगातार किया जा रहा है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मोजम्मिल अहमद ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार राज्य के हर गरीब, वृद्ध और असहाय व्यक्ति की सुरक्षा और राहत के लिए प्रतिबद्ध है। ठंड के इस मौसम में किसी भी जरूरतमंद को कठिनाई न हो, इसके लिए प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना झामुमो की प्राथमिकता है।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष ने स्थानीय लोगों की अन्य समस्याओं को भी सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। महिलाओं को मइंया सम्मान योजना के तहत आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ ठंड के मौसम में राहत पहुंचाने का कार्य सरकार द्वारा लगातार किया जा रहा है।
