मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झामुमो लोहरदगा जिला पदाधिकारियों ने की मुलाकात, जिले की समस्याओं पर हुई चर्चा
By Team Lohardaga live

सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता : मुख्यमंत्री
लोहरदगा/रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) लोहरदगा जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में सोमवार को लोहरदगा समिति एवं जिले के सभी प्रखंडों के पदाधिकारी झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात करने पहुंचे। इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण बैठक भी हुई, जिसमें लोहरदगा जिले से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं, विकास कार्यों एवं संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने मुख्यमंत्री को जिले की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली, रोजगार और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कई ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सड़क और पेयजल की समस्या बनी हुई है, जिससे आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने बेरोजगारी को गंभीर समस्या बताते हुए स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ठोस योजनाओं की मांग रखी।
मोजम्मिल अहमद ने कहा कि झामुमो सरकार ने राज्य में आदिवासी, मूलवासी और गरीब वर्गों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, लेकिन लोहरदगा जैसे पिछड़े जिलों में योजनाओं का प्रभावी और तेज क्रियान्वयन आवश्यक है। उन्होंने संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं से जुड़ी समस्याओं पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया।
इस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिला पदाधिकारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि राज्य सरकार लोहरदगा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को जिले की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झामुमो के कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी अहम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को ईमानदारी से सरकार तक पहुंचाने और विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सकारात्मक आश्वासन से लोहरदगा जिले के कार्यकर्ताओं और आम जनता में नई उम्मीद जगी है।
