लोहरदगा नगर निकाय चुनाव में जेएमएम ने दिखाए पत्ते
By Team Lohardaga live

नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए बालमुकुंद लोहरा घोषित उम्मीदवार
लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए बालमुकुंद लोहरा को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है। इसकी जानकारी पार्टी के जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने बताया कि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने बालमुकुंद लोहरा के नाम पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि बालमुकुंद लोहरा पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और लंबे समय से सामाजिक कार्यों के साथ-साथ जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
मोजम्मिल अहमद ने कहा कि उम्मीदवार के अनुभव और मजबूत जनसंपर्क का लाभ पार्टी को चुनाव में मिलेगा। उन्होंने नगर के विकास को लेकर पार्टी की प्राथमिकताओं को भी साझा किया। बताया कि स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क व नाली निर्माण सहित आम नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को जेएमएम अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता से शामिल करेगी।
जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि नगर की जनता बदलाव चाहती है और इस बार झारखंड मुक्ति मोर्चा को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के सामने रखेंगे।
