Orange hindi lohardaga live

छात्र आंदोलन के समर्थन में झामुमो का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का फूंका पुतला

By Team Lohardaga live

political
छात्र आंदोलन के समर्थन में झामुमो का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का फूंका पुतला

मोजम्मिल अहमद बोले— छात्रों की आवाज दबाने की हर कोशिश का होगा विरोध, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तक जारी रहेगा आंदोलन

लोहरदगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला समिति के बैनर तले गुरुवार को छात्र आंदोलन के समर्थन में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन, नीट एवं सीबीएसई की मार्किंग में कथित गड़बड़ियों तथा आंदोलनकारी छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में पावरगंज चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत झामुमो जिला कार्यालय से हुई, जहां से पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राओं ने मार्च निकालते हुए पावरगंज चौक पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग उठाई गई।

सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि छात्र अपने भविष्य को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि झामुमो छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिला सचिव अनिल उरांव, केंद्रीय समिति सदस्य निरु शांति भगत, महिला जिलाध्यक्ष राधा तिर्की, युवा जिलाध्यक्ष अजय उरांव, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष आतिश मुजनी सहित झामुमो के जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

और पढ़ें