चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका
By Team orangehindi

एसआईआर समेत विभिन्न मुद्दों पर जताया विरोध, जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में निकला जुलूस
लोहरदगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा केंद्रीय समिति के निर्देश पर सोमवार को लोहरदगा में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में झामुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जिला कार्यालय से जुलूस की शक्ल में पावरगंज चौक (सुभाष चौक) पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर नारेबाजी की और अपना विरोध दर्ज कराया।
पावरगंज चौक पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के पुतले का दहन किया। प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने मतदाता अधिकारों की सुरक्षा, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक प्रक्रियाओं की रक्षा की मांग उठाई।
जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि केंद्रीय समिति के निर्देश पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एसआईआर सहित मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रख रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोगों का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है।
प्रदर्शन में जिला सचिव अनिल उरांव, केंद्रीय समिति सदस्य राधा तिर्की, ययुवान्ति देवी, अख्तर अंसारी, निरु भगत, युवा जिलाध्यक्ष अजय उरांव, सरस्वती कच्छप, बबलू खान, अफरोज आलम, रज्जोकिशोर राम, परवेज आलम, बिनेश गुप्ता, साकिर अंसारी, बालमुकुंद लोहरा, सजाद अंसारी, कृष्णा उरांव, अकास कुमार, हसनैन खलीफा, अहद खान, मोनू कुमार, सही कुमार, विजय उरांव और इसरार अहमद समेत विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष-सचिव, नगर समिति पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पावरगंज चौक पर राजनीतिक सरगर्मी बनी रही।