वीबी-राम जी बिल के खिलाफ झामुमो का धरना समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर जनविरोधी नीति का आरोप
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा की जगह लाए गए वीबी-राम जी बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। यह धरना झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसकी अगुवाई जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने की। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि वीबी-राम जी बिल पूरी तरह जनविरोधी है। यह गांव, किसान, मजदूर, आदिवासी और गरीबों की आजीविका पर सीधा हमला करता है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के लागू होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होगी, जिससे बेरोजगारी, पलायन और गरीबी में भारी वृद्धि होगी। झामुमो इस बिल को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी और इसे अविलंब रद्द करने की मांग करती है।
मोजम्मिल अहमद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कॉरपोरेट हितों को साधने के लिए गांवों की जमीन, जंगल और संसाधनों को कमजोर करने की साजिश कर रही है। झामुमो जनता के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी और ऐसी नीतियों को कभी सफल नहीं होने देगी।
धरना को केंद्रीय सचिव नीरू शांति भगत, जिला सचिव अनिल उरांव, महिला जिला अध्यक्ष राधा तिर्की, यूथ जिला अध्यक्ष अजय उरांव, इसरर अहमद अख्तर सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
मौके पर कुड़ू प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव, कैरो प्रखंड से सज्जाद अंसारी, किसको प्रखंड अध्यक्ष बिनेश गुप्ता, पेसरार अध्यक्ष अरविंद उरांव, सदर अध्यक्ष कृष्णा उरांव, भंडरा अध्यक्ष परवेज अंसारी, जयप्रकाश शर्मा, नईम अंसारी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष शाकिर अंसारी, पूर्व केंद्रीय सदस्य इंजीनियर जफर इकबाल, केंद्रीय सदस्य सरिता भगत, सुषमा उरांव, केशवर उरांव समेत बड़ी संख्या में झामुमो के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन बालमुकुंद लोहरा ने किया।
