Orange hindi lohardaga live

जेपीएससी परीक्षा पूरी पारदर्शिता से हो, छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे: सांसद सुखदेव भगत

By Team Lohardaga live

political
जेपीएससी परीक्षा पूरी पारदर्शिता से हो, छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे: सांसद सुखदेव भगत

पेपर लीक मामले पर बोले— छात्रों की पीड़ा समझती है सरकार, भाजपा पर लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप

लोहरदगा। झारखंड लोक सेवा आयोग परीक्षा में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर लोहरदगा के कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रखना और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र का एक वर्ष बर्बाद नहीं होना चाहिए और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता हर हाल में बनी रहनी चाहिए।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि सरकार छात्रों की पीड़ा और उनकी चिंताओं को गंभीरता से समझती है। उन्होंने कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्रत्येक परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद होनी चाहिए, ताकि युवाओं का विश्वास बना रहे और आयोग की साख मजबूत हो।

भाजपा पर निशाना साधते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्य सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भी परीक्षा अनियमितताओं के आरोप लगे थे, जबकि वर्तमान सरकार ने अधिक संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन कराया है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी प्रकरण में आयोग के अध्यक्ष से इस्तीफा लिया जा चुका है तथा मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई है, जिसकी जांच जारी है।

सांसद ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी अनियमितता का बचाव करना नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्रों से संवाद होना चाहिए, उनकी शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए और सरकार को इस मामले में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं का नियमित कैलेंडर जारी हो, परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा युवाओं की सभी जायज शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो।

और पढ़ें