ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल मे करम पूर्व संध्या आयोजित
By Team orangehindi


करम पर्व भाई-बहन के स्नेह के साथ प्रकृति संरक्षण का भी देता है संदेश - शंकर कुमार
लोहरदगा। ज्ञानदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल, कुटमू में करम पर्व की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर करम पर्व की लोक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने नागपुरी गीत ‘हाय रे हाय हमर सोना नागपुर’ सहित अन्य लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक परिधान में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मंच पर बच्चों ने सामूहिक नृत्य के माध्यम से झारखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़े जीवन मूल्यों को प्रदर्शित किया। विद्यालय परिसर में करम पर्व के अनुरूप सजावट भी की गई थी, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकर कुमार ने कहा कि संस्कृति हमारे जीवन का अहम हिस्सा है। करम पर्व केवल भाई-बहन के स्नेह और आपसी रिश्तों की मजबूती का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमें प्रकृति के संरक्षण और उसके प्रति जिम्मेदारी का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है, ताकि हमारी सांस्कृतिक विरासत आगे भी सुरक्षित रह सके।
उन्होंने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मूल्यों से परिचित कराने का भी प्रयास किया जाता है। कार्यक्रम में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने करम पर्व के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाया |