Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा के कराटे खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम

By Team Lohardaga live

Sport
पदक पाने के बाद उपस्थित खिलाड़ी

ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप में दूसरा स्थान किया हासिल

लोहरदगा। उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित नवाबगंज के वीएसएसडी कॉलेज के प्रार्थना सभागार में शोतोकान स्कूल कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में सातवीं ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्यप्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से करीब 850 खिलाड़ियों ने भाग लिया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के लोहरदगा जिले से एस.एस. स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन एवं लोहरदगा जिला कराटे संघ के 20 चयनित खिलाड़ियों ने काता, कुमिते और टीम कुमिते स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने कुल 36 पदक अपने नाम किए, जिनमें 18 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं।

उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर लोहरदगा की टीम ने ऑल ओवर इंडिया में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। इस उपलब्धि को लोहरदगा के खेल इतिहास में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

इस अवसर पर स्कूल कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रेसिडेंट श्रवण साहु एवं प्रशिक्षक सेंसाई सुर्यावती देवी ने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, आत्मविश्वास और टीम भावना के कारण यह सफलता संभव हो सकी।

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों में सानिया परवीन, रजनी उरांव, रियांशी कुमारी, नैना कुमारी, कौशल उरांव, मृगांक वैभव, यश उरांव, निखिल कुमार साहु, प्रियांशु सिंह, निर्मल राज, मो. जुनेद राजा अंसारी एवं उमर अंसारी शामिल हैं। इसके अलावा रजत और कांस्य वर्ग में भी लोहरदगा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किए। टीम कुमिते स्पर्धा में भी लोहरदगा की टीम ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

खिलाड़ियों की इस शानदार सफलता से लोहरदगा जिले में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।