Orange hindi lohardaga live

राष्ट्रीय यूथ गेम्स में पदकों की झड़ी लगाने वाले कराटे खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

By Team orange hindi

Sport
राष्ट्रीय यूथ गेम्स में पदकों की झड़ी लगाने वाले कराटे खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

लोहरदगा के 10 खिलाड़ियों ने जीते 11 स्वर्ण, 6 रजत और 1 कांस्य पदक

राष्ट्रीय यूथ गेम्स में पदकों की झड़ी लगाने वाले कराटे खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित

लोहरदगा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यूथ गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर लोहरदगा का नाम रोशन करने वाले 10 कराटे खिलाड़ियों को पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी सुश्री सुषमा नीलम सोरेंग ने सम्मानित किया। न्यू समाहरणालय परिसर में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में अधिकारियों ने खिलाड़ियों एवं उनके कोच को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

दिल्ली के राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 22 से 24 अगस्त 2026 तक यूथ गेम्स फाउंडेशन के अंतर्गत आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लोहरदगा के 10 सीनियर कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों ने काता और कुमिते की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 11 स्वर्ण, 6 रजत और 1 कांस्य पदक अपने नाम किया।

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी एवं जिला कल्याण पदाधिकारी सुषमा नीलम सोरेंग ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करना और पदक हासिल करना गौरव की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी निरंतर मेहनत करने तथा खेल के क्षेत्र में जिले का नाम और ऊंचा करने के लिए प्रेरित किया।

जिला कराटे संघ लोहरदगा के सचिव सह प्रमुख कोच सेंसई अमित कुमार सिंह ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसका श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने सम्मान के लिए पुलिस अधीक्षक एवं जिला कल्याण पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मिलने वाला प्रोत्साहन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाता है और उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए और बेहतर तैयारी करने की प्रेरणा देता है।

इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

अंडर-17 आयु वर्ग में पल्लवी कुमारी और ओमप्रकाश कुमार ने दो-दो स्वर्ण पदक हासिल किए। रूपा कुमारी, निंद्रानी उरांव, प्रीति उरांव और शिल्पा कुमारी ने एक-एक स्वर्ण एवं एक-एक रजत पदक अपने नाम किया। वहीं सुनील कुमार साहू ने दो रजत पदक तथा सुशीला कुमारी ने एक कांस्य पदक हासिल किया।

18+ आयु वर्ग में अंजली कुमारी ने दो स्वर्ण पदक जीते, जबकि राजेश उरांव ने एक स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और पदकों की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में भी खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों को उम्मीद है कि उन्हें इसी तरह प्रोत्साहन और बेहतर प्रशिक्षण मिलता रहा तो वे आने वाले समय में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी लोहरदगा का प्रतिनिधित्व करेंगे।

और पढ़ें