कैरो में धान के खेत में मिला कारी उरांव का शव, दो बच्चे गंभीर रूप से घायल
By Team orangehindi

पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजने की तैयारी की, दूसरा घायल अवस्था में पुलिस निगरानी में इलाजरत; घटनास्थल से दो टांगी और मोटरसाइकिल का शॉकर पाइप जब्त
लोहरदगा। जिले के कैरो थाना क्षेत्र के गुड़ी खक्सीटोली गांव में आपसी मारपीट की सूचना के बाद पहुंची पुलिस को हत्या और दो बच्चों पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया। 15 अक्टूबर की रात हुई इस घटना में कारी उरांव की मौत हो गई, जबकि उनकी करीब 17 वर्षीय बेटी और आठ वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे आरोपी का पुलिस निगरानी में इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही कैरो थाना प्रभारी सशस्त्र बल के साथ गांव पहुंचे। वहां कारी उरांव के परिजनों से जानकारी मिली कि उनकी हत्या धान के खेत में कर दी गई है और घर में उनके दोनों बच्चे घायल पड़े हैं। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को बोलेरो वाहन से सदर अस्पताल, लोहरदगा भेजा गया।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने कारी उरांव का शव बरामद किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर वार कर हत्या की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाले दो टांगी और मोटरसाइकिल का एक शॉकर पाइप जब्त किया है।
घायल बेटी के बयान के आधार पर कैरो थाना कांड संख्या 48/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान गोंडल उरांव और मुकेश उरांव की संलिप्तता सामने आई है। इनमें से मुकेश उरांव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, गोंडल उरांव के घायल होने के कारण उसका पुलिस निगरानी में इलाज कराया जा रहा है।
छापेमारी दल में कैरो थाना प्रभारी रविरंजन कुमार, अमित कुमार मुर्मू, रंजन कुमार सिंह, जमशेद खान सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।