Orange hindi lohardaga live

कई दिनों से बीमार थी कस्तूरबा की छात्रा सुनीता, मौत के बाद वार्डन की भूमिका पर उठे सवाल

By Team orangehindi

incident
कई दिनों से बीमार थी कस्तूरबा की छात्रा सुनीता, मौत के बाद वार्डन की भूमिका पर उठे सवाल

सांसद सुखदेव भगत के निर्देश पर अस्पताल पहुंचे आलोक साहू, शिक्षा विभाग ने उच्चस्तरीय जांच का दिया भरोसा

लोहरदगा। किस्को प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा सुनीता कुमारी की मौत के बाद विद्यालय प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कई दिनों से तबीयत खराब होने के बावजूद वार्डन को सूचना देने और माता-पिता को बुलाने का आग्रह करने पर भी समय रहते उन्हें नहीं बुलाया गया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक जांच होनी बाकी है।

जानकारी के अनुसार, अगरडीह रनगढ़ा निवासी तिसर लोहरा की पुत्री सुनीता की मंगलवार को तबीयत बिगड़ गई। उसे पहले किस्को अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने सदर अस्पताल, लोहरदगा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत के निर्देश पर उनके निजी सचिव आलोक कुमार साहू और सांसद स्वास्थ्य प्रतिनिधि सोनू कुरैशी सदर अस्पताल पहुंचे। परिजनों से बातचीत के दौरान उन्हें बताया गया कि सुनीता कई दिनों से बीमार थी और उसने वार्डन से माता-पिता को बुलाने का आग्रह किया था।

आलोक कुमार साहू ने मामले को गंभीर बताते हुए वार्डन की कथित लापरवाही पर नाराजगी जताई और तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को इसकी सूचना दी। इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर मामले की जांच का आश्वासन दिया।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए कमेटी गठित की जाएगी। विद्यालय की अन्य छात्राओं से भी गोपनीय तरीके से पूछताछ की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त के आदेश पर शाम को सदर अस्पताल में ही छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया। आलोक कुमार साहू ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए सांसद की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। मौके पर जिला कांग्रेस महामंत्री मुस्ताक अहमद भी मौजूद थे।

और पढ़ें