सामाजिक न्याय की प्रस्तावित आमसभा में शामिल होंगे खड़गे, धीरज प्रसाद साहू ने दिया निमंत्रण
By Team orangehindi

ओबीसी, एससी और एसटी से जुड़े मुद्दों पर नई दिल्ली में हुई चर्चा, झारखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने पर भी विमर्श
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। इस दौरान झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों, कांग्रेस संगठन की गतिविधियों तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्गों से जुड़े विषयों को लेकर प्रस्तावित आमसभा में शामिल होने के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे को आमंत्रित किया। खड़गे ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी। आमसभा की तिथि और समय प्रदेश प्रभारी के साथ विचार-विमर्श के बाद तय किया जाएगा।
बैठक में झारखंड में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा ओबीसी, एससी एवं एसटी समुदायों से जुड़े सामाजिक एवं जनहित के विषयों को व्यापक मंच पर उठाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि सामाजिक न्याय और समाज के सभी वर्गों के अधिकारों से जुड़े विषयों को मजबूती से सामने रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण है। प्रस्तावित आमसभा के माध्यम से संबंधित समुदायों के विभिन्न मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ मुलाकात के दौरान झारखंड के राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों के साथ संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। प्रस्तावित आमसभा की अंतिम रूपरेखा प्रदेश प्रभारी के साथ चर्चा के बाद निर्धारित की जाएगी।