कोयल नदी रेल पुल की मरम्मत लंबी, मार्च तक बहाल नहीं होगा रांची–लोहरदगा–टोरी रेल रूट
By Team Lohardaga live

लोहरदगा से नागजुआ तक बस सेवा, टोरी से लोहरदगा तक चलेगी ट्रेन
लोहरदगा। रांची–लोहरदगा–टोरी रेल मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों को फिलहाल लंबा इंतजार करना होगा। कोयल नदी पर बने 115 नंबर रेल पुल के क्षतिग्रस्त पिलरों की मरम्मत में अधिक समय लगने के कारण इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन मार्च माह तक सामान्य नहीं हो पाएगा। इससे इस मार्ग से गुजरने वाली कई प्रमुख रेलगाड़ियां अगले तीन महीने तक प्रभावित रहेंगी।
मंगलवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने लोहरदगा पहुंचकर कोयल नदी पर स्थित रेल पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल के पांच नंबर पिलर के झुकने और अन्य पिलरों में संरचनात्मक खामियां सामने आईं। सुरक्षा कारणों से रेलवे प्रशासन ने इस रूट पर रेल परिचालन को पूरी तरह रोकने का निर्णय लिया है।
महाप्रबंधक ने बताया कि क्षतिग्रस्त पिलरों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, लेकिन पुल को पूरी तरह सुरक्षित और परिचालन योग्य बनाने में समय लगेगा। मार्च से पहले इस रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन बहाल किया जाना संभव नहीं है। मरम्मत कार्य पूर्ण होने और तकनीकी जांच के बाद ही ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा।
रेल परिचालन बंद रहने के कारण राजधानी एक्सप्रेस, चोपन एक्सप्रेस, सासाराम एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का संचालन इस मार्ग से नहीं हो सकेगा। इससे लोहरदगा, गुमला, लातेहार और आसपास के इलाकों के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
महाप्रबंधक ने बताया कि यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल लोहरदगा से नगजुआ से तक बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, टोरी स्टेशन से लोहरदगा तक सीमित दूरी के लिए रेल परिचालन जारी रखा जाएगा, ताकि स्थानीय यात्रियों को राहत मिल सके।
रेलवे प्रशासन के अनुसार पुल के आसपास बड़े पैमाने पर बालू उठाव के कारण पिलरों की नींव खुल गई थी। नदी के तेज बहाव से फाउंडेशन कमजोर हो गया, जिससे पिलरों में अस्थिरता आई। मरम्मत के दौरान न सिर्फ क्षतिग्रस्त पिलरों, बल्कि अन्य सभी पिलरों की नींव को भी मजबूत किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न उत्पन्न हो।
निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारी भी मौजूद थे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मरम्मत कार्य किया जा रहा है और कार्य पूर्ण होते ही ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया जाएगा।
