मनहो पंचायत सचिवालय में श्रमिक निबंधन एवं जागरूकता शिविर आयोजित
By Team Lohardaga live

असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को योजनाओं की दी गई जानकारी, ऑन-द-स्पॉट हुआ निबंधन
लोहरदगा। सदर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मनहो स्थित पंचायत सचिवालय में शुक्रवार को श्रम विभाग, लोहरदगा द्वारा श्रमिक निबंधन एवं जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के कामगारों, श्रमिकों एवं प्रवासी मजदूरों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना था। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय मजदूरों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का नेतृत्व श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी पीयूष कुमार पासवान ने किया। इस दौरान उपस्थित श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे पेंशन योजना, बीमा सुरक्षा, चिकित्सा सहायता एवं अन्य सरकारी लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों का निबंधन अत्यंत आवश्यक है, ताकि उन्हें सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
शिविर के दौरान जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें श्रमिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा मानकों एवं कार्यस्थल पर सावधानियों के बारे में बताया गया। विभागीय कर्मियों ने मजदूरों को समय पर निबंधन कराने के लिए प्रेरित किया और बताया कि निबंधित श्रमिक भविष्य में विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में ऑन-द-स्पॉट निबंधन की व्यवस्था भी की गई थी। कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं विभागीय कर्मियों की सहायता से मौके पर ही कई श्रमिकों का सफलतापूर्वक निबंधन किया गया। शिविर में महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर इस प्रकार के शिविर आयोजित होने से मजदूरों को काफी सुविधा मिलती है।
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी पीयूष कुमार पासवान ने कहा कि विभाग का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए और उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य पंचायतों में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं निबंधन शिविर आयोजित किए जाएंगे।
