Orange hindi lohardaga live

हेसल डंपिंग यार्ड में लगा श्रमिक पंजीकरण शिविर, असंगठित कर्मकारों का हुआ निबंधन

By Team Lohardaga live

Administrative
हेसल डंपिंग यार्ड में लगा श्रमिक पंजीकरण शिविर, असंगठित कर्मकारों का हुआ निबंधन

श्रम विभाग की पहल, जुलाई-अगस्त में सभी प्रखंडों में भी लगाए जाएंगे विशेष शिविर

लोहरदगा। जिले के हेसल डंपिंग यार्ड में शुक्रवार, को श्रम विभाग की ओर से विशेष पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। श्रम अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में झारखंड असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत डंपिंग यार्ड में कार्यरत श्रमिकों का निबंधन किया गया। शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक असंगठित श्रमिकों को सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना रहा।

शिविर के दौरान श्रम अधीक्षक अंद्रेयस कुल्लू स्वयं उपस्थित रहे और पंजीकरण कार्य की निगरानी की। इस दौरान कार्यालय के कर्मी बलराम कुमार, दयानंद कुमार यादव, मोहम्मद तौसीफ अंसारी, छोटेलाल उरांव, रीता कुमारी एवं रुपेश कुमार सिंह ने श्रमिकों के निबंधन की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

श्रमिकों के पंजीकरण को लेकर हुई विशेष बैठक

पंजीकरण अभियान को व्यापक रूप देने के उद्देश्य से श्रम अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में एक विशेष बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में श्रमिकों के अधिकाधिक निबंधन और अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलजीत सिंह, ऑटो ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीरंथू साहू तथा मजदूर यूनियन के अध्यक्ष मोहम्मद मुस्तफा अंसारी सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने असंगठित श्रमिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर सहमति जताई।

जुलाई और अगस्त में प्रखंड स्तर पर भी चलाया जाएगा अभियान

श्रम विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि जिले के सभी प्रखंडों में जुलाई और अगस्त माह के दौरान चरणबद्ध तरीके से विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से असंगठित क्षेत्र में कार्यरत अधिक से अधिक श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि वे राज्य सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

और पढ़ें