जिला परिषद परिसर में महात्मा गांधी स्मृति स्थल का शिलान्यास
By Team orangehindi

गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
लोहरदगा, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिला परिषद परिसर, लोहरदगा में महात्मा गांधी स्मृति स्थल के निर्माण का शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने विधिवत शिलान्यास किया।
समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष बिनोद उरांव, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार, राधा तिर्की, रूबी कुमारी, राजमनी कुमारी, गंगोतरी देवी और रीना कुमारी, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद चंगुल, जिला परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी अंजना दास, कनिष्ठ अभियंता सियाम बिहारी यादव सहित जिला परिषद के कर्मी उपस्थित रहे।
समारोह में बड़ी संख्या में टाना भगतों ने मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की। पाहन-पुजार द्वारा भी पारंपरिक विधि से पूजा संपन्न कराई गई। धार्मिक अनुष्ठान आशितोष पाठक ने कराया। स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर गांधी जी को श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, शांति और मानवता के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी का जीवन आज भी समाज को नैतिकता और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
वक्ताओं ने कहा कि जिला परिषद परिसर में बनने वाला स्मृति स्थल आने वाली पीढ़ियों को गांधी जी के विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम का समापन गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और उनके विचारों को समाज तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।