Orange hindi lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत के पुत्र के रिसेप्शन में जुटे सत्ता और विपक्ष के दिग्गज, दिल्ली में दिखी राष्ट्रीय राजनीति की झलक

By Team Lohardaga live

political
सांसद सुखदेव भगत के पुत्र के रिसेप्शन में जुटे सत्ता और विपक्ष के दिग्गज, दिल्ली में दिखी राष्ट्रीय राजनीति की झलक

राहुल गांधी, खड़गे, ओम बिरला, हरिवंश समेत कई राज्यों के सांसद, मंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने नवदंपति को दिया आशीर्वाद

नई दिल्ली/लोहरदगा राजधानी दिल्ली के होटल अशोका में आयोजित लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत के पुत्र अभिनव सिद्धार्थ के विवाहोपरांत रिसेप्शन ने राष्ट्रीय राजनीति के कई प्रमुख चेहरों को एक मंच पर ला दिया। पारिवारिक आयोजन में सत्ता और विपक्ष के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति ने इसे देशभर में चर्चा का विषय बना दिया।

समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सांसद सुप्रिया सुले, सांसद नवीन जिंदल, सांसद अनुराग ठाकुर, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, सांसद गौरव गोगोई सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के कई वरिष्ठ नेताओं ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।

रिसेप्शन में गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़ और झारखंड सहित कई राज्यों के सांसद, विधायक, मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्र सरकार के वरिष्ठ एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां तथा देशभर से पहुंचे शुभचिंतक भी समारोह में शामिल हुए।

राजनीतिक मतभेदों से इतर इस आयोजन में विभिन्न दलों के नेताओं की आत्मीय उपस्थिति ने लोकतांत्रिक परंपराओं और व्यक्तिगत संबंधों की एक सकारात्मक तस्वीर भी प्रस्तुत की। पूरे समारोह के दौरान नवदंपति को शुभकामनाएं देने और सांसद सुखदेव भगत एवं उनके परिवार से मुलाकात करने वालों का सिलसिला लगातार चलता रहा।

समारोह के अंत में सांसद सुखदेव भगत ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर से मिले स्नेह, शुभकामनाएं और आशीर्वाद उनके परिवार के लिए अमूल्य हैं। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शुभचिंतकों और अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

और पढ़ें