भूषाड़ गांव में विधिक जागरूकता शिविर, ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष राज कमल मिश्रा एवं सचिव मनोरंजन कुमार के मार्गदर्शन में किस्को प्रखंड के बगडू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भूषाड़ में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी निशा कुमारी, कलिंदर उरांव एवं जितेंद्र राम ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता, सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान डायन प्रथा, बाल विवाह, बाल श्रम, भूमि संबंधी कानूनी साक्षरता, सीएनटी एक्ट, दाखिल-खारिज, भूमि की खरीद-बिक्री की कानूनी प्रक्रिया एवं ऑनलाइन दस्तावेज देखने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की गई। इसके अलावा नशा मुक्ति (ड्रग अवेयरनेस), साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए गए। ग्रामीणों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, आपातकालीन सेवा 112, पुलिस हेल्पलाइन 100 सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और कानूनी जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।