Orange hindi lohardaga live

हिसरी पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी

By Team orangehindi

General
हिसरी पंचायत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी

60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत डालसा सचिव ने निःशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठाने की अपील की

लोहरदगा। झालसा, रांची एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा, लोहरदगा राजकमल मिश्रा के निर्देश पर मंगलवार को किस्को प्रखंड की हिसरी पंचायत भवन में नालसा की योजनाओं के तहत 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि न्याय तक पहुंच प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है। आर्थिक रूप से कमजोर, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को आर्थिक कठिनाइयों के कारण न्याय से वंचित न होना पड़े, इसके लिए विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

डालसा सचिव ने बताया कि हिसरी पंचायत को अभियान के लिए चयनित किया गया है। पीएलवी गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करेंगे। उन्होंने कानूनी विवाद, घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, बाल विवाह एवं नशे से जुड़े मामलों में चुप नहीं रहने तथा डालसा कार्यालय या पीएलवी से संपर्क करने की अपील की।

उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और कानूनी अधिकारों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उपस्थित लोगों ने योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

मौके पर पंचायत सचिव अजय कुमार, पीएलवी निशा कुमारी, कलिंदर उरांव, रोहित कुमार, कलावती कुमारी, शाहिद हुसैन, वीरचंद भगत, बबलू भगत उपस्थित थे |

और पढ़ें