Orange hindi lohardaga live

कम तौलने वाले पीडीएस डीलरों का लाइसेंस होगा रद्द

By Team Lohardaga live

Administrative
कार्यशाला का उद्घाटन करते उपायुक्त व अन्य

दोबारा नहीं मिलेगा लाइसेंस : उपायुक्त डॉ ताराचंद

लोहरदगा। निर्धारित मात्रा से कम राशन देने वाले पीडीएस डीलरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे डीलरों का लाइसेंस रद्द किया जाएगा और भविष्य में उन्हें दोबारा लाइसेंस भी नहीं दिया जाएगा। यह बात उपायुक्त डॉ ताराचंद ने जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा आयोजित कार्यशाला में कही।

जिला आपूर्ति कार्यालय लोहरदगा की ओर से नया नगर भवन में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त डॉ ताराचंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

लाभुकों को पूरी मात्रा मिले, इसकी नियमित जांच हो

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि आपूर्ति विभाग के अंतर्गत राशन कार्डधारकों को चावल, गेहूं, नमक, धोती/लुंगी, साड़ी, चीनी तथा दाल-भात योजना का लाभ दिया जाता है। कई बार लाभुकों द्वारा निर्धारित मात्रा से कम अनाज मिलने की शिकायतें प्राप्त होती हैं, जो गंभीर अपराध है।

उन्होंने कहा कि लाभुक अपनी शिकायत प्रखंड कार्यालय या जिला आपूर्ति कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं। साथ ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे हर माह यह सुनिश्चित करें कि लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन मिल रहा है या नहीं। नियमित जांच से योजनाओं का सही लाभ लोगों तक पहुंचेगा।

7.5 करोड़ रुपये का धान अधिप्राप्ति भुगतान

उपायुक्त ने बताया कि दिसंबर माह से जिले में धान अधिप्राप्ति का कार्य जारी है। अब तक 44,500 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति की जा चुकी है। इसके एवज में किसानों को कुल 7.5 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि लोहरदगा जिले को 2.5 लाख क्विंटल धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य दिया गया है और प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।

किसान कराएं निबंधन, 2450 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भुगतान

उपायुक्त ने कहा कि जिन किसानों ने अब तक अपना धान सुरक्षित रखा है और उसे बेचना चाहते हैं, वे नजदीकी धान अधिप्राप्ति केंद्र में जाकर धान जमा कर सकते हैं। इसके लिए पहले निबंधन कराना अनिवार्य है। सरकार द्वारा किसानों को 2450 रुपये प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्त भुगतान किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल और जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, सांसद प्रतिनिधि साजिद अहमद, विशुनपुर विधायक प्रतिनिधि अजहर इकबाल सहित जिले के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।