आरसेटी में हल्का मोटर वाहन चालक प्रशिक्षण शुरू, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
By Team Lohardaga live

30 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण का शुभारंभ, सुरक्षित ड्राइविंग और स्वरोजगार पर दिया गया जोर
लोहरदगा। बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), लोहरदगा में गुरुवार को 30 दिवसीय निःशुल्क हल्का मोटर वाहन चालक (एलएमवी) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) दिवाकर सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एलडीएम ने कहा कि वर्तमान समय में प्रशिक्षित वाहन चालकों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे कौशल विकास प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार चालक बनने का आह्वान किया।
आरसेटी के निदेशक सुरेश भगत ने बताया कि 30 दिनों के प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को हल्का मोटर वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा, यातायात नियम, वाहन की देखभाल, व्यक्तित्व विकास, सॉफ्ट स्किल्स, वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता विकास का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आरसेटी का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार योग्य बनाना और स्वरोजगार के लिए सक्षम करना है। संस्थान के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जिले के कई युवा आत्मनिर्भर बन चुके हैं।
कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और सुरक्षित एवं कुशल चालक बनने का संकल्प लिया। समापन पर मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में आरसेटी के अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
