आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटरों ने L7 में समायोजन की मांग उठाई
By Team orange hindi

सांसद सुखदेव भगत से मिले प्रतिनिधिमंडल को मिला न्याय का भरोसा, 12 अगस्त से हड़ताल पर हैं कर्मचारी
लोहरदगा। झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण विकास एवं आजीविका मिशन से जुड़े कंप्यूटर ऑपरेटरों को उनकी जिम्मेदारी, अनुभव और कार्य के अनुरूप L7 स्तर में समायोजित करने की मांग रखी।
संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों में ऑपरेटर लंबे समय से आजीविका मिशन से जुड़े कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर संघ की ओर से 12 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को विभाग की ओर से जारी पत्रों की जानकारी भी दी। बताया गया कि 18 अगस्त को 20 अगस्त को बैठक के लिए बुलाया गया था। इसके बाद 21 अगस्त को हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का पत्र जारी किया गया। संघ का कहना है कि 20 अगस्त की बैठक में L7 में समायोजन की मांग पर कोई अंतिम निर्णय या समय-सीमा तय नहीं हुई, इसलिए हड़ताल समाप्त करने के निर्देश को लेकर कर्मचारियों में असमंजस है।
सांसद सुखदेव भगत ने प्रतिनिधिमंडल से पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद उनकी मांग को उचित बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि वे झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री से मुलाकात कर कंप्यूटर ऑपरेटरों की L7 में समायोजन की मांग को प्रमुखता से रखेंगे और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मामले में सरकार के स्तर पर सकारात्मक पहल कराने की मांग की।