Orange hindi lohardaga live

बृजमोहन राम के राज्यपाल बनने से लोहरदगा भाजपा में उत्साह

By Team orangehindi

General

बीएस कॉलेज के पूर्व छात्र को मिली संवैधानिक जिम्मेदारी, भाजपा नेताओं ने बताया झारखंड के लिए गौरव का क्षण

लोहरदगा। पलामू से तीन बार लोकसभा सांसद रहे वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर लोहरदगा भाजपा में खुशी की लहर है। उनकी नियुक्ति को जिले के नेताओं ने लोहरदगा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। बृजमोहन राम ने लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज से स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।

बृजमोहन राम 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य रहे। इसके बाद उन्होंने 1996, 1998 और 1999 में पलामू लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रपति भवन की ओर से 12 अक्टूबर को छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति की घोषणा की गई। बृजमोहन राम ओडिशा के निवर्तमान राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति का स्थान लेंगे।

उनकी नियुक्ति पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद शत्रु, जिला प्रवक्ता रामचंद्र गिरि, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव और युवा नेता पवन तिग्गा सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने बधाई दी।

ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि जमीनी स्तर से जुड़े कार्यकर्ता का राज्यपाल बनना गर्व की बात है। उन्होंने इसे भाजपा में कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का उदाहरण बताया। जिलाध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि बीएस कॉलेज लोहरदगा के पूर्व छात्र का राज्यपाल बनना जिले के लिए गौरव का विषय है।

आजाद शत्रु ने उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वहीं, अनिल उरांव ने कहा कि बृजमोहन राम का लोहरदगा से गहरा जुड़ाव रहा है और उनकी नियुक्ति से झारखंड का मान बढ़ा है। रामचंद्र गिरि ने कहा कि उनकी उपलब्धि पार्टी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि बृजमोहन राम से पहले की तरह झारखंड के कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन और स्नेह मिलता रहेगा।

और पढ़ें