राज्य स्तरीय अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में लोहरदगा बालक टीम विजेता
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में अंडर-17 बालक एवं बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का राज्य स्तरीय आयोजन खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड, रांची में संपन्न हुआ।
बालक वर्ग का फाइनल लोहरदगा और धनबाद के बीच खेला गया। निर्धारित समय में मैच 1-1 की बराबरी पर रहा। पेनाल्टी शूटआउट में भी मुकाबला बराबरी पर छूटा। गोल्डन शूटआउट में लोहरदगा ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
बालिका वर्ग का फाइनल लोहरदगा और गुमला के बीच हुआ। गुमला की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 5-0 से मुकाबला जीत लिया, जबकि लोहरदगा उपविजेता रहा।
जिले की उपलब्धि पर जिला शिक्षा पदाधिकारी लोहरदगा दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, क्षेत्र प्रबंधक सह प्रभाग प्रभारी आकाश कुमार सहित शारीरिक शिक्षकों ने दोनों टीमों को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
