Orange hindi lohardaga live

ठिठुरती ठंड में लोहरदगा डालसा की मानवीय पहल, ज़रूरतमंद परिवारों के बीच कंबल का किया गया वितरण

By Team Lohardaga live

social
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोग

लोहरदगा। झालसा, रांची के निर्देश पर और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में लोहरदगा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा मंगलवार को सदर प्रखंड के हरमू पंचायत स्थित हडराटोली में असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए।

डालसा सचिव राजेश कुमार ने कहा कि कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति ठंड से पीड़ित न हो, यही हमारी प्राथमिकता है। समाज के कमजोर और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों तक समय पर सहायता पहुँचाना डालसा की जिम्मेदारी है, और उसी क्रम में कंबल वितरण की पहल की गई है।

400 से अधिक लोगों को अब तक मिला लाभ

डालसा द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में कार्यरत पीएलवी को कंबल उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक तत्काल मदद पहुँचा सकें। अब तक करीब 400 लोगों के बीच कंबल वितरित किए जा चुके हैं।

कंबल पाकर लाभार्थियों ने राहत महसूस की और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के इस प्रयास के लिए धन्यवाद जताया। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्यों से वास्तविक जरूरतमंदों को सर्दी से बचाव मिलता है और समाज में सकारात्मक संदेश फैलता है।

कंबल वितरण के दौरान पीएलवी संतोष भगत, विकास ठाकुर, दीपक कुमार, शीत महतो, रोहित कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे।