डांडिया की थाप पर थिरका लोहरदगा, भक्ति और नारी शक्ति के रंग में रंगा जिला परिषद परिसर
By Team orangehindi




पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू और आयकर आयुक्त निशा उरांव ने बढ़ाया आयोजन का उत्साह, ऑफिशियल लोहरदगा डांस एकेडमी के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब
लोहरदगा। डांडिया की खनक, पारंपरिक संगीत की धुन और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों की उमंग ने लोहरदगा को उत्सव के रंग में रंग दिया। शारदीय नवरात्र के अवसर पर ऑफिशियल लोहरदगा डांस एकेडमी की ओर से शहर के पार्क के समीप जिला परिषद परिसर में भव्य डांडिया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और नारी शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लेकर माहौल को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि तथा आयकर आयुक्त निशा उरांव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। आयोजन समिति ने अतिथियों का स्वागत माता की चुनरी भेंट कर किया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और आरती के साथ परिसर भक्तिमय हो उठा। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
नवरात्र शक्ति, साहस और सामाजिक समरसता का पर्व : धीरज साहू
मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि नवरात्र केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि शक्ति, आस्था, संस्कार और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना सत्य, न्याय और साहस के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि डांडिया और गरबा जैसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के साथ समाज में प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करते हैं। नारी शक्ति के सम्मान और सशक्तीकरण को उन्होंने समृद्ध समाज की अनिवार्य शर्त बताया।
वहीं, विशिष्ट अतिथि आयकर आयुक्त निशा उरांव ने कहा कि सांस्कृतिक आयोजन हमारी विरासत को जीवंत रखने और बच्चों तथा युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन के लिए डांस एकेडमी की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षक एवं विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, परिवहन पदाधिकारी जया शंखी पुष्पी, अंजना दास, रिया दास, शशि गुप्ता, कुणाल वर्मा, निश्चय वर्मा, वार्ड पार्षद कुमार अभिषेक, रंजीत महली और रूपेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। डांडिया की थाप और भक्ति संगीत के बीच कार्यक्रम ने शहर की सांस्कृतिक एकजुटता और उत्सवधर्मिता की खूबसूरत तस्वीर पेश की।