Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी खिलाड़ियों को किया सम्मानित

By Team Lohardaga Live

Sports

लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में बीएस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम में लोहरदगा के जतिन पांडेय का झारखंड की ओर से रणजी खिलाड़ी चयन होने पर और पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष कुमार का झारखंड के 19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों की टीम का कोच बनाये जाने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर तीनों खिलाड़ियों, अजात शत्रु, आशीष कुमार और जतिन पांडेय को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सह पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा छोटा जिला जरूर है, लेकिन यहां से बड़े खिलाड़ी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल में राजनीति का कोई स्थान नहीं है, जहां राजनीति होती है, खेल का स्तर गिरता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों की ओर ध्यान दें और गलत रास्ते से बचें।

जिला सचिव अलोक रॉय ने कहा कि क्रिकेट में आत्ममंथन, आत्मचिंतन और गलतियों से सीखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयास और परिश्रम से ही सफलता मिलती है। उन्होंने जतिन पांडेय के रणजी चयन पर बधाई दी और कहा कि अब उसका रास्ता खुल गया है।

कार्यकारी अध्यक्ष भाष्कर दास गुप्ता ने कहा कि क्रिकेट में अनुशासन का बहुत महत्व है। उन्होंने कहा कि मैच के समय प्रयोग नहीं करना चाहिए और जैसा प्रैक्टिस में खेलते हैं, वैसा ही मैच में खेलना चाहिए।

रणजी खिलाड़ी जतिन पांडेय के पिता दिनेश कुमार पांडेय ने कहा कि जतिन का जूनून ही उसे क्रिकेट खिलाड़ी बनाया है। उन्होंने कहा कि जतिन अच्छा गेंदबाज है और दोनों तरफ गेंद को मूव करा सकता है।

कार्यक्रम में क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष किशोर कुमार वर्मा, प्रवीण प्रसाद, मुकेश दुबे, दिनेश अग्रवाल और अन्य उपस्थित थे।