Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने झामुमो महासचिव विनोद पांडेय से की मुलाकात

By Team Lohardaga Live

political
स्मृति चिन्ह भेंट करते जिलाध्यक्ष

केन्द्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संग होने वाली बैठक की तैयारियों पर हुई अहम चर्चा

लोहरदगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने रविवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय रांची पहुँचकर पार्टी के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रतिमा का प्रतीक चिन्ह भेंटकर उन्हें सम्मानित भी किया। मुलाकात के दौरान जिलाध्यक्ष ने लोहरदगा जिला संगठन की वर्तमान स्थिति, विस्तार और मजबूती पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले में झामुमो के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ सहित सभी संगठनों को पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर तक सक्रिय व मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। बैठक के दौरान आगामी दिनों में लोहरदगा जिला संगठन की मुख्यमंत्री एवं पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के साथ होने वाली महत्वपूर्ण बैठक को लेकर भी खास चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह बैठक जिले में संगठन की मजबूती, जनता तक सरकार की योजनाओं के लाभ और भविष्य की रणनीति तय करने में मील का पत्थर साबित होगी।

महासचिव विनोद पांडेय ने जिलाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो सरकार ने जनता के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ सही तरीके से जनता तक पहुँच रहा है या नहीं, इसकी लगातार मॉनिटरिंग जिला संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि आने वाले समय में संगठन को हर स्तर पर सक्रियता और मजबूती दिखानी होगी ताकि पार्टी की पकड़ गांव-गांव और घर-घर तक बने। उन्होंने विशेष रूप से पंचायत और प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं को जागरूक और जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया। साथ ही, सरकार की उपलब्धियों और जनहित योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की भी सलाह दी। मुलाकात के अंत में जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने महासचिव को भरोसा दिलाया कि लोहरदगा जिला संगठन पूरी तरह से तैयार है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो के जनाधार को और मजबूत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।