Orange hindi lohardaga live

आरोग्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय सम्मेलन में लोहरदगा को मिला विशेष सम्मान

By Team Lohardaga live

social
आरोग्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय सम्मेलन में लोहरदगा को मिला विशेष सम्मान

22 राज्यों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जिले के स्वास्थ्य एवं सेवा कार्यों की सराहना, जल्द लगेगा मेगा नेत्र जांच शिविर

लोहरदगा। आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया का दो दिवसीय अखिल भारतीय संभाग सम्मेलन रांची स्थित माहेश्वरी भवन में संपन्न हुआ। सम्मेलन में देश के 22 राज्यों से फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार तथा आरोग्य सेवकों के नेटवर्क को सशक्त बनाना था।

सम्मेलन में लोहरदगा इकाई के कार्यों की विशेष सराहना की गई। फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष डॉ. कुमुद अग्रवाल, उपाध्यक्ष संजय चौधरी, जिला सचिव सुनील अग्रवाल एवं संरक्षक नवल अग्रवाल सहित जिले की नई टीम को मंच पर सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों द्वारा प्रत्येक रविवार को आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा दर्जनों गांवों में सेविकाओं के सहयोग जैसे कार्यों की प्रशंसा की गई।

फाउंडेशन के संयोजक जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि लोहरदगा में नेत्र जांच वाहन एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम भेजने का प्रस्ताव केंद्रीय समिति ने स्वीकार कर लिया है। इसके तहत जल्द ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मेगा नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां जांच के बाद जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे तथा मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में भारत सरकार के पूर्व राष्ट्रीय सलाहकार एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक वार्ष्णेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय पदाधिकारियों, विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर विभिन्न राज्यों के लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें झारखंड के कलाकारों की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

और पढ़ें