लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने उठाए सड़क सुरक्षा और ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं के मुद्दे
By Team Lohardaga live

हिंडाल्को पर ट्रकों को दिनों तक खड़ा रखने का आरोप, डीसी व डीएमओ को ज्ञापन सौंपने का निर्णय; सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर सख्ती के संकेत
चंदवा/लातेहार। लोहरदगा-गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन की आम बैठक सोमवार को चंदवा के गैरेज लाइन स्थित कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के सचिव रोहित अग्रवाल ने की। बैठक में सड़क सुरक्षा, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं तथा प्रशासनिक स्तर पर लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सभी ट्रक मालिकों से अपने चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने की अपील की गई। निर्णय लिया गया कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन नहीं चलाएगा। सभी ट्रकों में आगे-पीछे नंबर प्लेट, रेडियम पट्टी तथा आवश्यक दस्तावेज रखना अनिवार्य होगा। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
एसोसिएशन ने बताया कि टूटूवा मोड़, बनारी, आदर, घाघरा, लोहरदगा, सेन्हा और चंदवा समेत विभिन्न स्थानों पर समय-समय पर सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ट्रक को एक माह तक परिचालन से रोकने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने आरोप लगाया कि लोहरदगा स्थित हेसल प्लांट में ट्रकों को दो से तीन दिनों तक सड़क पर खड़ा रखा जाता है। इससे चालकों को भारी परेशानी होती है और आसपास के लोगों को भी जाम व अव्यवस्था का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि डीएमओ के निर्देशों के कारण निर्धारित समय में माइंस से साइडिंग तक वाहनों की आवाजाही में कठिनाइयां हो रही हैं। वहीं नो-एंट्री समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में ट्रकों के एक साथ शहर में प्रवेश करने से जाम की समस्या और बढ़ जाती है। उन्होंने लोहरदगा में शीघ्र बाइपास सड़क उपलब्ध कराने की भी मांग की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को लोहरदगा के उपायुक्त और जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन में हिंडाल्को द्वारा ट्रकों को लंबे समय तक खड़ा रखने से होने वाले आर्थिक नुकसान के एवज में डेमरेज चार्ज देने, समझौते के अनुरूप ट्रिप उपलब्ध कराने तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति में ट्रक, टेंपो और ट्रैक्टर समेत सभी परिवहन संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग की जाएगी।
बैठक में जालिम माइंस एवं कुजाम माइंस की गाड़ियों के समायोजन के मुद्दे पर भी चर्चा हुई, हालांकि इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका।
बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सैकड़ों ट्रक मालिकों ने भाग लिया।
