लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत बने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रभारी, पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में जश्न का माहौल.
By Team orangehindi

लोहरदगा - कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठन मे बड़ा फेरबदल करते हुए झारखंड के लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र से सांसद सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़ राज्य का नया कांग्रेस प्रभारी नियुक्त किया है. पार्टी आलाकमान द्वारा दी गई इस बड़ी जिम्मेदारी के बाद झारखंड से लेकर छत्तीसगढ़ तक के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। नियुक्ति की घोषणा के बाद से ही सांसद सुखदेव भगत को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से लगातार बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं. छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी की कमान मिलने के बाद सांसद सुखदेव भगत ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का धन्यवाद देते हुए कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। मेरी प्राथमिकता छत्तीसगढ़ में संगठन को बूथ स्तर तक फिर से मजबूत करना है. हम पूरी एकजुटता के साथ जनता के बीच जाएंगे और राज्य में एक बार फिर से कांग्रेस की पूर्ण बहुमत वाली सरकार की वापसी सुनिश्चित करेंगे. गौरतलब है कि सुखदेव भगत को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट की जगह यह महत्वपूर्ण प्रभार सौंपा गया है. सुखदेव भगत पूर्व में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और उनके पास संगठन चलाने का एक लंबा प्रशासनिक और राजनीतिक अनुभव है। लोकसभा चुनाव में लोहरदगा सीट से शानदार जीत दर्ज करने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर उनका कद लगातार बढ़ रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सुखदेव भगत के कुशल नेतृत्व और जमीनी पकड़ का फायदा छत्तीसगढ़ कांग्रेस को मजबूत करने में निश्चित रूप से मिलेगा.













