Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

By Team orangehindi

political
लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

वोटर सूची में नाम हटाने को लेकर केंद्र सरकार पर लगाया संरक्षण देने का आरोप, कहा—संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संसद से सड़क तक लड़ेगी कांग्रेस

लोहरदगा। लोहरदगा सांसद सह छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत ने चुनाव आयोग और केंद्र की मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संसद से लेकर सड़क तक संघर्ष करेगी।

सांसद भगत ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। इसी बीच चुनाव आयुक्तों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समक्ष विभिन्न मुद्दों पर आपत्तियां दर्ज किए जाने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के कुछ फैसलों और आदेशों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज की है। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन रिपोर्टों पर कहा है कि आयोग के सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए और अलग-अलग टिप्पणियां आंतरिक विचार-विमर्श की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं।

सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जा रहे हैं और चुनाव आयोग इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग करते हुए गिरफ्तारी की मांग भी की।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को संविधान ने स्वतंत्र संस्था का दर्जा दिया है, इसलिए उसकी निष्पक्षता और स्वायत्तता कायम रहनी चाहिए। सांसद ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित करने वाली किसी भी प्रक्रिया का कांग्रेस विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।

और पढ़ें