Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा नगर परिषद ने बकाया किराया न देने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की

By Team Lohardaga live

Administrative
नगर प्रशासक की अगुवाई में दुकान को सील करते कर्मी

लोहरदगा। नगर परिषद ने उन दुकानदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू की, जो लंबे समय से नगर परिषद द्वारा आवंटित दुकानों का किराया जमा नहीं कर रहे थे। कई बार नोटिस जारी करने और सूचना देने के बावजूद बकाया राशि का भुगतान न होने पर शुक्रवार को नगर परिषद प्रशासक मुक्ति किंडो के नेतृत्व में गठित टीम ने दुकानों को पूरी तरह सीज कर दिया।

कार्रवाई के दौरान दुकानों के भीतर रखे गए सभी सामानों को सूचीबद्ध कर संबंधित दुकानदारों को सौंप दिया गया। गोपीनाथ लेन में स्थित रविंद्रनाथ राय की दुकान को सीज किया गया, जबकि पुराना नगर परिषद परिसर में स्थित दिनेश गुप्ता और रविंद्र गुप्ता की दुकानों को भी परिषद की टीम ने सीज किया।

नगर परिषद ने बताया कि बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने के लिए दुकानदारों के विरुद्ध सर्टिफिकेट केस भी दर्ज किया गया है। नगर परिषद प्रशासक मुक्ति किंडो ने कहा कि यह कार्रवाई आवश्यक थी और अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिन दुकानदारों को नोटिस भेजा गया है, उनके खिलाफ भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासक मुक्ति किंडो ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद की संपत्तियों से संबंधित बकाया वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यह कदम उन सभी के लिए संदेश है कि नगर परिषद की दुकानों में व्यवसाय करने पर समय पर किराया जमा करना अनिवार्य है, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। नगर परिषद की इस कार्रवाई में नगर प्रबंधक अनिल उरांव, करण कच्छप, रेवेन्यू इंस्पेक्टर नेहरू, सैनिटरी इंस्पेक्टर शशि भूषण और अन्य कार्यालय कर्मी शामिल थे।