लोहरदगा नगर चुनाव: बालमुकुंद लोहरा का शक्ति प्रदर्शन, नामांकन बना जनसैलाब
By Team Lohardaga live

मोज्जमिल अहमद का दावा—खोखले वादों से आगे बढ़ चुकी है जनता, बदलाव तय
लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव के शोर के बीच सोमवार को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बालमुकुंद लोहरा का नामांकन शहर में चर्चा का केंद्र बन गया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और हजारों समर्थकों की मौजूदगी में निकला नामांकन जुलूस किसी बड़े चुनावी शक्ति प्रदर्शन से कम नहीं दिखा। शहर की सड़कों से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर तक समर्थकों का उत्साह और नारों की गूंज माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंगती नजर आई।
नामांकन के दौरान मौजूद जिला अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मोज्जमिल अहमद ने कहा कि सड़कों पर उमड़ा यह जनसैलाब किसी आयोजन का हिस्सा नहीं, बल्कि जनता के मन का संदेश है। उन्होंने कहा कि नगर की जनता अब खोखले वादों और अधूरे सपनों से ऊब चुकी है। लोगों को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो केवल भाषण नहीं, बल्कि जमीन पर काम करे। बालमुकुंद लोहरा आज नगर की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प के रूप में खड़े हैं और यह भीड़ आने वाले चुनाव परिणामों की तस्वीर साफ कर रही है।
मोज्जमिल अहमद ने आगे कहा कि बालमुकुंद लोहरा की जीत केवल एक प्रत्याशी की जीत नहीं होगी, बल्कि हर उस नागरिक की जीत होगी जो बेहतर सड़क, साफ-सुथरा शहर और ईमानदार व्यवस्था चाहता है।
नामांकन के बाद बालमुकुंद लोहरा ने समर्थकों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर परिषद क्षेत्र को भ्रष्टाचार से मुक्त करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने जल-जमाव, जर्जर सड़कों, स्ट्रीट लाइट और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि विकास उनके लिए नारा नहीं, जिम्मेदारी है।
नामांकन जुलूस में समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिली। पूरे शहर में ढोल-नगाड़ों की गूंज, झंडों और नारों के बीच यह नामांकन कार्यक्रम एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में सामने आया, जिससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
इस अवसर पर अनिल उरांव, सदस्य नीरू शांति भगत, राधा तिर्की, सरस्वती कच्छप, नगर अध्यक्ष आकाश साहू, अफरोज आलम, परवेज अंसारी, सरिता भगत, अहद खान, मोनू अली, हसनैन खलीफा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
