लोहरदगा राष्ट्रीय लोक अदालत: 947 मामलों का निष्पादन, ₹1.26 करोड़ से अधिक का राजस्व प्राप्त
By Team orangehindi

लोहरदगा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा शनिवार को सिविल कोर्ट परिसर में वर्ष की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। डालसा अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 947 वादों का निष्पादन किया गया और 1,26,34,240 रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई।
कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद ने धनबाद सिविल कोर्ट से किया। लोहरदगा से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा और डालसा सचिव मनोरंजन कुमार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े।
खबर के प्रमुख बिंदु:
त्वरित और सुलभ न्याय: डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा ने विभिन्न बेंचों का निरीक्षण करते हुए कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को त्वरित, सुलभ और सस्ता न्याय दिलाना है। आपसी सहमति से मामलों के समाधान से पक्षकारों के बीच भाईचारा और विश्वास मजबूत होता है।
6 विशेष बेंचों का गठन: डालसा सचिव मनोरंजन कुमार के अनुसार, मुकदमों की सुनवाई के लिए कुल छह बेंच गठित की गई थीं।
शामिल मामले: इनमें पारिवारिक विवाद, बिजली अधिनियम, एमएसीटी, आपराधिक व सिविल अपील, बैंकिंग, एनआई एक्ट, श्रम कानून, उपभोक्ता मामले, राजस्व, म्यूटेशन और फॉरेस्ट एक्ट जैसे विभिन्न प्रकृति के मुकदमों का आपसी सहमति से निपटारा किया गया।