दुर्गापूजा से पहले लोहरदगा पुलिस अलर्ट, फरार आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों पर कसेगा शिकंजा
By Team orangehindi

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने क्राइम मीटिंग में दिए निर्देश, कानून-व्यवस्था में लापरवाही पर थाना प्रभारियों की तय होगी जवाबदेही
लोहरदगा। दुर्गापूजा के दौरान जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर लोहरदगा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में एसपी सादिक अनवर रिजवी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, मुख्यालय डीएसपी समीर तिर्की समेत जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
एसपी ने लंबित कांडों के समयबद्ध निष्पादन की समीक्षा करते हुए अनुसंधानकर्ताओं के कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मामलों की जांच में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और फरार आरोपियों तथा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। जेल से बाहर आए हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखने को कहा गया, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में सड़क सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। एसपी ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की ओर से चिह्नित ब्लैक स्पॉटों के संबंध में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी थाना क्षेत्र में लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण का मतलब केवल अपराधियों की गिरफ्तारी करना नहीं है, बल्कि अपराध की आशंका को समय रहते पहचानकर उसे रोकना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।
दुर्गापूजा के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस का जोर इस बात पर है कि त्योहार के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहे। बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।