लोहरदगा पुलिस ने किया रक्तदान, सेवा व समर्पण की मिसाल पेश की
By Team Lohardaga live


लोहरदगा जिले के बक्सिडीपा स्थित पुलिस लाइन में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिले के उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, रेड क्रॉस सोसाइटी के डॉ. गणेश प्रसाद सहित कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत लोहरदगा एसपी सादिक अनवर रिजवी ने स्वयं रक्तदान कर की। उनके नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और जिले के ब्लड बैंक के लिए रक्तदान किया। इस पहल का उद्देश्य था कि लोहरदगा में खून की कमी से किसी मरीज की जान न जाए।
रक्तदान शिविर में पुलिसकर्मियों में उत्साह और जोश देखा गया। मौके पर उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद ने आम नागरिकों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोहरदगा पुलिस का यह प्रयास प्रशंसनीय है, जिससे जरूरतमंदों को समय पर रक्त मिल सकेगा।
एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि “रक्तदान महादान है इससे किसी की जिंदगी बचाई जा सकती है और इसका कोई नुकसान नहीं होता। उन्होंने स्वस्थ लोगों से भी नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
वहीं सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि पुलिस विभाग ने समाज के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है, और ऐसे आयोजनों से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
