लोहरदगा सदर अस्पताल में अब सीसीटीवी से चौकस निगरानी, दलालों पर होगी सख्त कार्रवाई
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले के सदर अस्पताल में अब गड़बड़ियों पर रोक लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। अस्पताल में लगाए गए सभी कैमरे एक विशेष ऐप से सीधे जिले के उपायुक्त कार्यालय और सीसीआर कंट्रोल रूम से जुड़े हैं। यहां से उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद स्वयं 24 घंटे अस्पताल की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
इस व्यवस्था के तहत मरीजों की परेशानी, डॉक्टरों की उपस्थिति, ब्लड बैंक और जांच घरों की स्थिति सहित पूरे अस्पताल परिसर की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। किसी भी तरह की अनियमितता या दलाली की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त ने यह कदम तब उठाया जब उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि अस्पताल परिसर में दलाल सक्रिय हैं और मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजने का खेल खुलेआम चल रहा है। लंबे समय से अस्पताल की अव्यवस्था और दलालों की मनमानी के कारण गरीब मरीजों को इलाज में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
वर्तमान में जिले का ब्लड बैंक बंद होने से भी मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खून की कमी के कारण मरीजों के परिजनों को राजधानी रांची से ब्लड लाना पड़ रहा है। इस पर उपायुक्त ने बताया कि ब्लड बैंक को फिर से चालू करने की कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और जल्द ही सेवा बहाल कर दी जाएगी।
डॉ. कुमार ताराचंद ने कहा कि सरकारी अस्पतालों से दलालों और अव्यवस्था को खत्म करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कई शिकायतें सफाई व्यवस्था, डॉक्टरों की अनुपस्थिति और जांच घरों के समय पर न खुलने को लेकर भी मिल रही थीं।
उपायुक्त ने कहा कि सदर अस्पताल ही जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है। लोहरदगा में ऐसा कोई बड़ा निजी अस्पताल नहीं है जहां पर्याप्त डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और 24 घंटे लैब सुविधा उपलब्ध हो। इसलिए सरकारी अस्पताल को मजबूत और पारदर्शी बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
